ओबीसी समाज जिला गरियाबंद की संगठनात्मक बैठक संपन्न - MBNEWS

Home Top Ad

Sunday, May 24, 2026

ओबीसी समाज जिला गरियाबंद की संगठनात्मक बैठक संपन्न

 

गरियाबंद छूरा — जतमई-घटारानी की पावन भूमि, नगर पंचायत छुरा स्थित परिक्षेत्रीय साहू समाज भवन (गैलेक्सी स्कूल) में ओबीसी संयोजन समिति के बैनर तले ओबीसी समाज जिला गरियाबंद की महत्वपूर्ण संगठनात्मक समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के संस्थापक अधिवक्ता शत्रुघ्न सिंह साहू ने कहा कि ओबीसी वर्ग बहुसंख्यक समाज है। इस समाज द्वारा दिए गए करों से ही सरकारी तंत्र संचालित हो रहा है, किंतु दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि जनसंख्या के अनुपात में ओबीसी समाज को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि शासक वर्गों ने हमें विभिन्न जातियों और सांस्कृतिक परंपराओं में बांटकर कमजोर किया है। अनुसूचित जाति व जनजाति की भाँति ओबीसी समाज भी सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़ा हुआ है। संविधान लागू हुए ७० वर्ष बीत जाने के बाद भी हम एकजुट नहीं हो पाए हैं, इसका मुख्य कारण जातिगत नेतृत्वकर्ताओं की स्वार्थपरक महत्वाकांक्षा और असंवैधानिक संगठनात्मक ढांचा है।

अधिवक्ता शत्रुघ्न सिंह साहू ने आह्वान किया कि अब हमें अपने वोट और नोट की शक्ति को एकजुट करना होगा। धार्मिक कार्यों में अंधाधुंध दान-दक्षिणा बंद करना चाहिए तथा सामाजिक न्याय और भागीदारी के विरुद्ध बोलने वालों का पुरजोर विरोध करना चाहिए।

प्रदेश कार्यसमिति के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रचारक श्री टिकेश्वर साहू ने संगठन के सात प्रमुख उद्देश्यों को दोहराते हुए कहा कि हमें अपने मित्र और शत्रु की सही पहचान करनी होगी। अपने गौरवशाली इतिहास का पूर्ण ज्ञान प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे हमारे विरुद्ध होने वाले राजनीतिक षड्यंत्रों को आसानी से समझा जा सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार जिला स्तरीय बैठकें आयोजित कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत के संविधान में सम्मिलित ओबीसी जातियों पर सामाजिक सर्वेक्षण कर उन्हें शेड्यूल करने की तत्काल आवश्यकता है, ताकि संवैधानिक रूप से हमारी पहचान और अधिकारों को मजबूती मिल सके।

जिला नेतृत्व श्री फलेंद्र कुमार साहू, छविराम साहू, दुष्यंत कुमार साहू, मनोहर चक्रधारी (संगठन मंत्री, कुम्हार समाज) तथा कृष्ण कुमार पटेल (जिला अध्यक्ष, शाकंभरी शक्तिपीठ) ने संयुक्त रूप से कहा कि इस बैठक से हमें अत्यंत प्रसन्नता हुई है। ऐसी बैठकें हर माह नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, जिससे ब्लॉक, सेक्टर और ग्रामीण स्तर तक ओबीसी समाज को संगठित किया जा सके।

सभी उपस्थित सदस्यों ने जिला संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए व्यक्तिगत दायित्व निभाने का संकल्प लिया।

उपस्थित प्रमुख सदस्य:

उमेश साहू, पारसनाथ साहू, धनंजय कुमार साहू, सत्यनारायण साहू, छत्रपाल साहू, शिवदयाल साहू, चंदन साहू, नोखे लाल साहू आदि।