135वीं अम्बेडकर जयंती धूमधाम से सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाई गई - MBNEWS

Home Top Ad

Tuesday, April 14, 2026

135वीं अम्बेडकर जयंती धूमधाम से सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाई गई

गरियाबंद - नगर के अंबेडकर सतनामी समाज भवन परिक्षेत्र छुरा में भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर की 135वीं जयंती भाजपा मंडल छुरा एवं सतनामी समाज के संयुक्त तत्वावधान में अत्यंत श्रद्धा,उत्साह और गरिमामय वातावरण में सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिली।जिससे सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश प्रसारित हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु घासीदास बाबा एवं बाबा साहब

अम्बेडकर के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित जनसमुदाय ने बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में समानता,शिक्षा और न्याय के मूल्यों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाउपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा उपस्थित रहे।जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर ने की।विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा, राकेश शर्मा,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती संगीता शर्मा, महिला मंडल अध्यक्ष चित्ररेखा ध्रुव,गौकरण धृतलहरे एवं पार्षद
बलराज पटेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीयता के साथ किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्षों और उनके योगदानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। गौकरण धृतलहरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि बाबा साहब अम्बेडकर का जन्म नहीं हुआ होता, तो समाज में समानता और न्याय की स्थापना संभव नहीं हो पाती। उन्होंने दलित, शोषित और वंचित वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार दिलाया,जो आज के आधुनिक समाज की आधारशिला है।जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, त्याग और समर्पण का प्रतीक रहा है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया और समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज देश में जो सामाजिक सद्भाव,समानता और अधिकारों की बात होती है, वह बाबा साहब के दूरदर्शी विचारों का ही परिणाम है।मुख्य अतिथि प्रीतम सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा के क्षेत्र में जो क्रांति की शुरुआत की, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के बिना किसी भी व्यक्ति का सशक्त होना संभव नहीं है। बाबा साहब द्वारा निर्मित भारतीय संविधान सभी वर्गों को समान अधिकार देता है और देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान करता है।कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल छुरा द्वारा सतनामी समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों का अंगवस्त्र एवं नारियल भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए सभी ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।अंत में राज लहरे द्वारा आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों की सराहना की।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन,युवा, महिलाएं एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान जय भीम और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बना रहा।इस अवसर पर मन के बात प्रदेश सह प्रभारी चंदन साहू,प्रदेश कार्य समिति सदस्य आर टी आई खिलेश्वर गोस्वामी, जिला किसान मोर्चा सदस्य नोखेलाल साहु सहित उपस्थित थें