गरियाबंद जिले में गौधाम बनाने की प्रक्रिया तेज - MBNEWS

Home Top Ad

Thursday, September 11, 2025

गरियाबंद जिले में गौधाम बनाने की प्रक्रिया तेज

गरियाबंद :-  गरियाबंद जिले के पांचों विकासखंड छुरा, फिंगेश्वर, गरियाबंद, मैनपुर तथा देवभोग अंतर्गत प्रथम चरण के गौधाम बनाने हेतु विकासखंडवार 10-10 गौठानों का चयन किया जा रहा है। इन चयनित गौठानों में उपलब्ध संसाधनों जैसे बाउंड्रीवाल,फेंसिंग, जल एवं विद्युत आपूर्ति,बाड़ा/पशु शेड आदि की उपलब्धता की सूची राज्य गौसेवा आयोग को भेजी गई है। गौधामों के गठन की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए गरियाबंद के कलेक्टर भगवान सिंह उइके द्वारा पशुधन विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की विशेष बैठक लेकर पशुधन विकास विभाग जिला गरियाबंद के उपसंचालक डॉ. ओपी तिवारी को इस कार्य में गति लाने के निर्देश दिए गए थे जिसके परिपालन में चयनित गौठानों की सूची छग राज्य गौसेवा आयोग को भेजने के उपरांत जिला एवं विकासखंड स्तरीय समिति का गठन किया गया है। गौधाम संचालन के लिए रूचि की अभिव्यक्ति के आधार पर गौशालाओं के संचालकों को प्राथमिकता के आधार पर गौधाम संचालन का दायित्व सौंपा जाना है। इसके अलावा एनजीओ, किसान उत्पादक संगठन एवं अन्य पंजीकृत संस्थाएं तथा स्वसहायता समूह आदि उनके सहमति के आधार पर पात्र होंगे। गौधाम संचालन हेतु इच्छुक संस्थाओं को सहमति के अनुरूप आवेदन करने के लिए विकासखंड के पशु चिकित्सालयों,

कृत्रिम गर्भधान केंद्र, मुख्य ग्राम खंड से निर्धारित प्रपत्र प्राप्त कर आवेदन किए जाने की प्रक्रिया जारी है। इच्छुक संस्थाएं इन विभागीय संस्थानों से आवेदन के प्रारूप प्राप्त कर सकते हैं। गौधाम संचालन हेतु प्राप्त आवेदन कलेक्टर के माध्यम से छग राज्य गौसेवा आयोग को प्रेषित किए जायेंगे जहाँ से गौधामों के अंतिम चयन की प्रक्रिया अपेक्षित मापदंडों के अनुसार किया जायेगा। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं द्वारा अवगत कराया गया कि अभी तक गौधाम संचालन हेतु जिले के विकासखंड गरियाबंद से 02,विकासखंड देवभोग से 02 तथा विकासखंड मैनपुर से 03 आवेदन सहमति के आधार पर प्राप्त हुए हैं।