0 दीवाल को फंदाकर घर में घुसे थे चोर।
गरियाबंद/ राजिम/ कोपरा - नगर पंचायत कोपरा में बीते चार महीनों से लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर आखिरकार पुलिस ने करारा प्रहार किया है। जनता में दहशत और आक्रोश के बीच गरियाबंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की घटनाओं में शामिल 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 04 अपचारी बालक शामिल हैं। बीती रात कोपरा में राघवेंद्र सिन्हा और मिलन तारक के सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरों ने ताले तोड़े और जमकर लूटपाट की थी
। बर्तन, घरेलू सामान, चांदी की मूर्तियां,अलमारियों में रखा कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए थे। घर में रखे टीवी और गैस चूल्हे को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। नगर के बस स्टैंड, गांधी चौक और राधा कृष्ण मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चार चोरों की तस्वीरें कैद हुई थीं।लगातार बढ़ती घटनाओं से व्यापारी और आम नागरिक भयभीत थे। दिनदहाड़े मोबाइल चोरी और रात में मोटरसाइकिल चोरी की कोशिशों ने नगर की सुरक्षा व्यवस्थापर सवाल खड़े कर दिए थे।लगातार मीडिया में खबरें आने और नागरिकों के दबाव के बाद पाण्डुका पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच तेज की थी।थाना पाण्डुका में दर्ज अपराध क्रमांक 125/2025 के तहत पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर 04 अपचारी बालकों सहित 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में पवन निषाद 23 वर्ष निवासी बजरंग चौक अमलेश्वर,जिला दुर्ग,खिलेश दास मानिकपुरी 19 वर्ष निवासी दुर्गा कला मंच अमलेश्वर जिला दुर्ग शामिल हैं।चारों अपचारी बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह बरोण्डा बाजार, महासमुंद भेजा गया है, जबकि दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भगवान की सोने की आंख,चांदी की लक्ष्मीजी की मूर्ति,05 चांदी के सिक्के,02 चांदी की पत्ती,04 फुल कांस की थाली,03 फुल कांस के लोटे,कुल अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बरामद की हैं।लगातार हो रही चोरी से परेशान नगरवासियों ने प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने,अवैध शराब बिक्री पर रोक और प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की थी।अब आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग अब भी जारी है। इस पूरी कार्रवाई में सउनि अशोक कुमार साहू,प्रधान आरक्षक पवन सेन, ओंकार साहू, गणेश साहू, बानेश्वर प्रसाद वर्मा, आरक्षक विनोद बंजारे, रामकुमार खैरवार,विनोद सिंह राजपूत, कामेश ध्रुव तथा स्पेशल टीम प्रभारी सउनि मनीष वर्मा एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



